रवि शास्त्री पहुंचे महाकाल के दरबार में
उज्जैन। भारतीय टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने रविवार की सुबह उज्जैन पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन किये। उन्होंने भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना और अभिषेक भी किया। इस दौरान भारतीय टीम के सपोर्टिंग स्टाफ भी उनके साथ मौजूद थे।
भारतीय टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री रविवार को सुबह 8.30 बजे अपने सहयोगियों के साथ उज्जैन पहुंचे। यहां संभागीय क्रिकेट के उपाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी और आयुक्त सचिव डॉ संजीव जैन ने उनका स्वागत किया। रवि शास्त्री और उनके साथ आए लोगों ने महाकालेश्वर मंदिर पहुंच दर्शन कर पूजा-अर्चना की। साथ आए सभी सदस्य ने अलग-अलग गर्भग्रह में जाकर बाबा महाकाल का पंचामृत से अभिषेक किया।
उन्होंने हॉल में बैठकर महाकाल का ध्यान किया। महाकाल मंदिर के पुजारी प्रदीप गुरु ने पूजन-अभिषेक संपन्न कराया। इसके बाद रवि शास्त्री एवं सपोर्टिंग स्टाफ काल भैरव मंदिर पहुंचे और भगवान काल भैरव के दर्शन किए। यहां पूजन-अर्चन के बाद सभी सदस्य इंदौर के लिए रवाना हो गए।